बरेली। रफियाबाद प्राइमरी स्कूल की महिला शिक्षक और शिक्षामित्र के बीच आपसी टकराव और आरोप-प्रत्यारोपों से बच्चों की पढ़ाई चौपट हो जाने के मामले की जांच में संयुक्त शिक्षा निदेशक यानी जेडी ने खंड शिक्षा अधिकारी को सबसे ज्यादा उत्तरदायी माना है। कमिश्नर को दी अपनी रिपोर्ट में जेडी ने स्कूल की तमाम गड़बड़ियों के साथ बच्चों की दुर्दशा का भी जिक्र किया है।
आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक के रफियाबाद गांव के प्राइमरी स्कूल में तैनात महिला शिक्षक और शिक्षामित्र ने एकदूसरे की खामियों को उजागर करते हुए व्हाट्सएप के कई ग्र्रुपों एक-दूसरे से जुड़े फोटो और वीडियो वायरल किए थे, साथ ही उच्चाधिकारियों को भी भेजे थे। मामला कमिश्नर तक पहुंचा तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए जेडी को खुद जांच करने का आदेश दिया था। जेडी प्रदीप कुमार ने पिछले दिनों स्कूल का औचक निरीक्षण किया और फिर लंबी छानबीन के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार की है। इस जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि स्कूल में अराजकता का माहौल है जिसकी वजह से पढ़ाई पूरी तरह चौपट हो गई है। स्कूल की इमारत तक काफी जर्जर हो गई है। शिक्षक प्रिया सक्सेना से कुछ समय पहले हुए विवाद के कारण खंड शिक्षा अधिकारी रचना सिंह प्रतिशोध की भावना से काम कर रही हैं। एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए चल रही इस जोर-आजमाइश में एनपीआरसी और शिक्षा मित्र को भी लपेट लिया गया है। इस वजह से खंड शिक्षा अधिकारी ने कुछ समय पहले उपस्थिति रजिस्टर अपने कार्यालय में मंगाकर शिक्षक का वेतन रोक दिया था। जेडी ने कहा है कि उन्होंने अगर यही तत्परता उन्होंने स्कूल की रंगाई पुताई और दूसरी व्यवस्थाएं करने में दिखाई होती तो हालात इतने बदतर न होते। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की दुर्दशा का उत्तरदायी मानते हुए रिपोर्ट कमिश्नर को सौंप दी है। साथ ही स्कूल में पुरुष शिक्षामित्र का चयन महिला पद पर होने को नियमविरुद्ध बताया है। शिक्षामित्र की हठधर्मिता पर काबू करने की भी संस्तुति की है।
स्कूल में आपसी विवाद की वजह शैक्षणिक वातावरण का कोई माहौल नहीं रह गया है। मामले में प्रथमदूृष्टया खंड शिक्षा अधिकारी उत्तरदायी हैं। निरीक्षण की रिपोर्ट कमिश्नर को सौंप दी गई है। - प्रदीप कुमार, संयुक्त शिक्षा निदेशक
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने जांच रिपोर्ट कमिश्नर और बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंप दी है। साथ ही, विद्यालय में शिक्षा कार्य और परिसर की दुर्दशा सुधारने के लिए आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति की है।