बरेली। इस बार बरेली जंक्शन को स्वच्छता में पिछड़ने नहीं दिया जाएगा। जंक्शन के सफाई अनुभाग ने जून में होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। पिछली बार हुए सर्वे में जंक्शन को 255वीं रैंक मिली थी। इस संबंध में मुरादाबाद मंडल ने सभी स्टेशनों को दिशा निर्देश दिए हैं जिसको जंक्शन पर चस्पा किया गया है।
जून में जंक्शन का स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान शुरू होगा। मुरादाबाद डिवीजन के अधिकारियों ने यात्रियों के लिए मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं जिससे रेलवे शौचालय और कोच में गंदगी होने पर संपर्क करके सफाई भी करा सकते हैं। यह नंबर व्हाट्सएप पर भी हैं, जिस पर गंदगी और सफाई की फोटो खींचकर भी भेजी जा सकती है। बृहस्पतिवार से जंक्शन पर युद्ध स्तर पर सफाई काम शुरू हो गया। पिछले साल स्वच्छता सर्वेक्षण में शाहजहांपुर ने जंक्शन को पीछे कर दिया था, जबकि जंक्शन पर सफाई का काफी काम हुआ था। इस बार फिर से तैयारियां शुरू हो गई हैं।