बरेली। लखनऊ मेल में टीटीई द्वारा रुपये लेकर सीट देने के मामले की जांच शुरू हो गई है। सूत्रों का कहना है कि बृहस्पतिवार को दोनों आरोपी टीटीई को मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम ऑफिस में बुलाकर बयान दर्ज किए गए। हालांकि, दोनों टीटीई ने रुपये लेने से इंकार किया है। अब जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। गौरतलब है कि 18 अप्रैल को लखनऊ मेल में बर्थ बेचने की शिकायत पर विजिलेंस ने शाहजहांपुर स्टेशन पर छापा मारा था। दोनों टीटीई के पास करीब 22 हजार रुपये मिले थे। टीम ने दोनों को शाहजहांपुर स्टेशन पर ही उतारकर पूछताछ के बाद हावड़ा काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस से बरेली लाया गया। विजिलेंस ने जांच रिपोर्ट बनाकर रेलवे बोर्ड को भेजी तो मामले की जांच शुरू हो गई। वहीं, जंक्शन के सीआईटी एके चौबे का कहना है कि दोनों टीटीई निर्दोष हैं। उनके पास 22 हजार रुपये कैश नहीं हो सकता है। ब्यूरो