भुता। खजुरिया संपत गांव में सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही पीठासीन अधिकारी विनय कुमार अचानक गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। यह देख कर्मचारियों में खलबली मच गई। सूचना के एक घंटे बाद पहुंची 108 एंबुलेंस से उन्हें फरीदपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर है। वहीं एंबुलेंस के देरी से आने पर कर्मचारियों ने हंगामा किया। बाद में एसओ भुता वीरेंद्र सिंह राणा ने उन्हें शांत कराया। इससे मतदान एक घंटे तक बाधित रहा। इसके बाद जोनल मजिस्ट्रेट ने दूसरे पीठासीन अधिकारी बृजलाल को भेजकर मतदान संपन्न कराया।
सैन्यकर्मी के पोलिंग एजेंट बनने पर हंगामा
भुता। बरखेड़ा गांव में छुट्टी पर आए सैन्यकर्मी को पोलिंग एजेंट बनाने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार, सीओ रामानंद राय और एसओ भुता वीरेंद्र सिंह राणा फोर्स के साथ पहुंचे और सैन्यकर्मी का हिरासत में लेकर दूसरा एजेंट बनाया गया। तब जाकर मामला शांत हुआ। हालांकि मतदान समाप्त होने के बाद सैन्यकर्मी को छोड़ दिया गया। आपत्ति जताने वाले लोगों का कहना था कि सरकारी कर्मचारी एजेंट नहीं बनाया जा सकता। ग्रामीणों ने बताया कि सैन्यकर्मी पहले भी चुनाव में एजेंट रह चुका है। उधर, फैजनगर गांव में दो लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं गांव अठाइन में एक को हिरासत में लिया। चुनाव संपन्न होने के बाद सभी को हिदायत देकर छोड़ दिया गया।