बरेली। जिला अस्पताल में रविवार को भर्ती हुए मरीज को ऑक्सीजन न देने का आरोप लगाते हुए परिजन ने हंगामा कर दिया। मामले की जानकारी होने पर सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता ने ईएमओ से जानकारी ली और मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
रविवार को बिहारीपुर कसगरान निवासी मुकेश रस्तोगी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। सोमवार की दोपहर करीब बारह बजे मरीज को दी जा रही ऑक्सीजन डॉक्टर ने बंद कर दी। इस पर परिजनों ने मलूकपुर वार्ड के पार्षद राजकुमार गुप्ता को बुलाकर मरीज को ऑक्सीजन दिलाने की गुहार लगाने लगे। पार्षद का आरोप है कि पहले डॉक्टर मनमर्जी करते रहे, जिसके बाद मेयर को फोन कर जानकारी दी। मेयर ने सीएमएस को अवगत कराया तो मरीज को इमरजेंसी से निकालकर टीबी वार्ड में शिफ्ट कर दिया। इससे मरीज की हालत बेहद खराब हो गई। आपत्ति जताने पर कोई सुनवाई नहीं हुईं। सीएमएस के मुताबिक भर्ती हुए मरीज को टीबी है, जिसकी जानकारी होने पर उसे टीबी वार्ड में शिफ्ट किया गया। ऑक्सीजन खत्म होने या जबरन बंद करने का आरोप निराधार है।