बरेली। मूल्यांकन में धांधली के आरोपों को लेकर एबीवीपी के पदाधिकारियों ने बुधवार को विश्वविद्यालय में जमकर हंगामा किया। कुलपति प्रो. अनिल शुक्ल का घेराव करके एजेंसी पर इस धांधली में शामिल होने के आरोप लगाए। वहीं, जांच में एक कर्मचारी के मोबाइल से प्रवेश पत्र, अवार्ड शीट और रोल नंबर आदि मिले हैं। जांच कमेटी के अध्यक्ष प्रो. एक जेटली ने बताया कि प्रवेशपत्र और रोल नंबर मिलने के बाद अब इनकी कापियां चेक कराई जाएंगी ताकि आरोपों की पुष्टि हो सके।
बुधवार दोपहर रुहेलखंड विश्वविद्यालय पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन में नारेबाजी के बाद कुलपति का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय में रैकेट सक्रिय होने के चलते ही एक के बाद एक घटना सामने आ रही है। कार्यकर्ताओं ने कोडिंग एजेंसी की संलिप्तता बताई। कहा- अवार्ड शीट की दोनों प्रति एजेंसी बना रही है जबकि पहले एक कॉपी एजेंसी और दूसरी गोपनीय कार्यालय में बनती थी। आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नकल माफिया को पनाह दी जा रही है, जिसके चलते जांच कमेटी पर दबाव बनाया जा रहा है। कोडिंग एजेंसी को निरस्त किया जाए, अन्यथा यह मामला राज्यपाल के समक्ष उठाया जाएगा। इस पर कुलपति ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इस दौरान राहुल चौहान, गौरव यादव, योगेश पंडित, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।
कापी पर रोल नंबर लिखने वाले छात्रों के होंगे बयान
परीक्षा के दौरान कॉपी पर रोल नंबर और कॉलेज का नाम लिखने के मामले में एबीवीपी ने कड़ी कार्रवाई की मांग की। कुलपति ने ऐसे छात्र-छात्राओं को नोटिस जारी करके सात दिन में बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि पिछले रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस में बीपीएड परीक्षा के दौरान 25 छात्र-छात्राआें की कॉपी पर उनके रोल नंबर, कॉलेज का नाम आदि लिखा पकड़ा गया था। केंद्र प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने इस मामले को यूएफएम कमेटी के पास भेजा है।