बरेली। भाजपा के आर्थिक मामलों के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि आने वाले बजट में मोदी सरकार ने दो एतिहासिक निर्णय लिए हैं। यह लघु एवं मध्यम उद्योग, छोटे व्यापारियों, किसानों के लिए लाभदायक साबित होंगे। देश मजबूत सरकार चाहता है, मजबूर नहीं। मगर, सपा-बसपा समेत विपक्षी महागठबंधन केंद्र में मजबूर सरकार चाहते हैं, ताकि वे जनता का पैसा लूटकर अपना घर भर सकें।
सर्किट हाउस में पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार घोटालों की सरकार थी। इस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अब भी जमानत पर है। विपक्षी महागठबंधन में मंच पर सब हाथ उठाते हैं, लेकिन नीचे उतरते ही एक दूसरे को उल्टा सीधा कहते हैं। इसलिए महागठबंधन केवल ढकोसला है। आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार घोटालेबाज मित्रों को फोन पर लोन दिलाती थी, मगर मोदी सरकार ने यह व्यवस्था बदल दी है। अब बैंक किसान और छोटे कारोबारियों को भी लोन दे रही हैं। आयुष्मान भारत, उज्ज्वला समेत 129 विकास योजनाओं के माध्यम से मोदी सरकार ने देश के आर्थिक विकास का मजबूत ढांचा तैयार कर लिया है। दोबारा सरकार बनते ही भारत आर्थिक महाशक्ति होगा। बोले- विजय माल्या और चौकसी इसलिए भागे क्योंकि उनको मोदी सरकार में उनको जेल का डर था। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण एजेंडे में है, वह बनकर रहेगा। सुप्रीम कोर्ट से जमीन विवाद निपटना है, लेकिन कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल राम मंदिर निर्माण में बड़ी बाधा बने हुए हैं। वह लंदन जाकर ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं।