निरीह पशुओं के लिए बनाए गए शेल्टर होम और उससे सटी जमीन पर कब्जे की कोशिश से खफा केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने पीएफए के अध्यक्ष सतीश यादव को पीलीभीत बुलाकर जमकर फटकारा। कहा, एसडीएम ने तीन दिन में पैमाइश न कराई तो वह खुद मामला देखेंगी। शनिवार को चौबारी स्थित मेनका गांधी के निरीह पशुओं को बनाए गए आश्रय गृह से सटी भूमि पर कब्जे की कोशिश की गई थी।
पीएफए अध्यक्ष सतीश यादव की सूचना पर कैंट पुलिस तीन लोगों को पकड़ लाई थी। बाद में थाने में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। सोमवार को श्रीमती गांधी ने सतीश को पीलीभीत बुलाया। वहां एसपी के सामने उन्हें फटकार लगाई कि शेल्टर होम से संबंधित मामले में समझौता करने वाले वह कौन होते हैं। कहा, जब पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा था तो कार्रवाई करानी चाहिए थी, समझौते की क्या तुक थी।