पंच पर्व से पहले ही शहर के एटीएम खाली होने लगे हैं। त्योहारों के नजदीक आने से इसे लेकर दिक्कत और बढ़ने की आशंका है। बैंकों की तरफ से एटीएम में कैश की फीडिंग के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्राहकों का कहना कि पर्वों पर बैंकों को अवकाश के दिनों में एटीएम खुले रखने और उनमें कैश भरने के इंतजाम करने चाहिए।
शहर में सरकारी और गैर सरकारी बैंकों के सवा दो सौ से ज्यादा एटीएम हैं। त्योहारों में लोगों को कैश निकालने की जरूरत तीन से चार गुना बढ़ जाती है लेकिन एटीएम में करेंसी की बढ़ती मांग को लेकर बैंक उतनी तेजी नहीं दिखा रहे हैं। कालाबाड़ी में सेंट्रल बैंक, चौकी चौराहा पर केनरा बैंक सहित कई बैंकों के एटीएम में मंगलवार को कैश नहीं था।
इसी तरह डेलापीर रोड, पीलीभीत बाईपास रोड सहित कई बैंकों के एटीएम या तो बंद थे या फिर उनमें कैश नहीं था। दिक्कत यह है कि त्योहारों को देखते हुए बैंकों ने न तो कैश फीडिंग बढ़ाई है और न ही छुट्टी के दिन एटीएम में नोट भरने के लिए आउट सोर्सिंग एजेंसियों पर शिकंजा कसा है। व्यापारियों का कहना है कि अगर एटीएम में पर्याप्त कैश नहीं हुआ तो त्योहारों के बाजार पर इसका खराब असर पड़ेगा।