बरेली। सेमेस्टर एवं प्रोफेशनल कोर्स की परीक्षा के दौरान बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय का उड़नदस्ता बरेली कॉलेज में एक घंटे तक डेरा जमाए रहा, लेकिन कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। वहीं, परीक्षा शुरू होने से पहले कॉलेज प्रशासन ने तलाशी ली तो व्हाइट बोर्ड के पीछे पर्चियां मिलीं।
बृहस्पतिवार को कॉलेज प्रशासन ने सूचना के आधार पर कॉमर्स ब्लॉक के परीक्षा कक्षों में परीक्षा शुरू होने से पहले ही तलाशी ली तो व्हाइट बोर्ड, बिजली बोर्ड आदि की दराज में तमाम पर्चियां मिलीं। सूत्रों की मानें तो नकल को बदनाम छात्र अगले पेपर की तैयारी में परीक्षा छूटने के बाद कमरों में ही नकल छिपा गए ताकि गेट पर चेकिंग में न पकड़ी जाए। वहीं, बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय से उड़नदस्ता भी निरीक्षण को पहुंचा। उड़नदस्ते में शामिल डॉ. रामबाबू सिंह और डॉ. विमल कुमार करीब एक घंटे तक कॉलेज में डेरा जमाए रहे और कई कमरों में निरीक्षण भी किया, लेकिन उन्हें कुछ भी नहीं मिला। बृहस्पतिवार की परीक्षा में 75 केंद्रों पर 14699 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसके अलावा 364 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जिसमें 209 छात्र और 155 छात्राएं थीं। इस दौरान दो नकलची भी पकड़े गए।