बरेली। गणतंत्र दिवस पर जिले की दोनों जेल से 14 कैदियों को रिहाई दी गई। जेलों में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों की भी धूम रही।
जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक विपिन मिश्रा ने बताया कि पांच सिद्ध दोष बंदियों को सिर्फ 16,098 जुर्माने की वजह से अतिरिक्त सजा दी जा रही थी। इसे जमा करने के बाद शासन के आदेश पर उन्हें छोड़ दिया गया। इनमें होशियार सिंह, जफर पठान, गुड्डू उर्फ मंसूरी, नमो व तहसीन शामिल थे। साथ ही शासन से जेलर संजय कुमार सिंह को गोल्ड मेडल और जेल वार्डर अल्तमश को सिल्वर मेडल प्रदान किया गया। इधर, सेंट्रल जेल के अधीक्षक अविनाश गौतम ने बताया कि उनकी जेल से भी नौ सिद्ध दोष बंदियों को रिहाई दी गई है। ब्यूरो
-
जेल अधीक्षक अकरम को डीजी ने लगाया मेडल
बरेली। कन्नौज में जेल अधीक्षक पद पर तैनात शहर के मोहल्ला कोट पुराना शहर निवासी मोहम्मद अकरम खान को गणतंत्र दिवस पर पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न (प्लेटिनम) प्रदान किया गया। उनकी ओर से प्रदेश की जेल में बंदी सुधार के कार्य किए गए। खासतौर से बंदी शिक्षा व साक्षरता का कार्य किया गया। गणतंत्र दिवस पर लखनऊ में जेल हेडक्वार्टर पर डीजी जेल पीवी रामाशास्त्री ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। ब्यूरो