- बढ़ने लगी बिजली की मांग, लोकल फॉल्ट भी शुरू
बरेली। समय सीमा में अब 14 दिन बाकी हैं, लेकिन शहर में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए कराए जा रहे 40 फीसदी काम अधूरे हैं। तापमान में इजाफा होने के साथ बिजली की मांग बढ़ने लगी है। लोकल फॉल्ट का सिलसिला शुरू हो गया है। उपभोक्ताओं को मार्च के दूसरे सप्ताह में होली के दिनों में भी मरम्मत के नाम पर शट्डाउन और लोकल फॉल्ट के कारण कटौती का सामना करना पड़ सकता है।
पिछले साल गर्मियों में शहर के लोगों को अंधाधुंध बिजली कटौती का सामना करना पड़ा था। इस वर्ष समस्या न हो, इसके लिए नवंबर 2024 से ही जर्जर तारों, पोल बदलने, ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के काम शुरू करा दिए गए थे। शहर में बिजनेस प्लान के तहत 400 करोड़ के काम कराए जा रहे हैं। काम पूरे करने की समय सीमा फरवरी के अंत तक थी। पिछले दिनों बिजली निगम के चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये समीक्षा करते हुए मार्च के पहले सप्ताह तक शत-प्रतिशत काम पूरे करने का आदेश दिया था। इसके बाद अनुरक्षण कार्यों में तेजी तो आई, लेकिन अब तक महज 60 फीसदी काम ही पूरे हो सके हैं। अधिशासी अभियंता सुरेंद्र गौतम ने बताया कि ज्यादातर काम पूरे कर लिए गए हैं। करीब 40 फीसदी काम शेष हैं। मार्च के पहले सप्ताह तक उसे पूरा कर लिया जाएगा। होली के दिनों में समस्या नहीं होगी। संवाद