बरेली। जिले के 137 परिषदीय स्कूलों में कराए गए निर्माण कार्यों का वित्तीय वर्ष बीतने के बाद भी ऑडिट नहीं कराया गया है। जानकारी पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। ऑडिट कराने के लिए उन्होंने फिर से निर्देश दिए हैं। कहा कि ऑडिट न कराने वाले प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इन विद्यालयों में चहारदीवारी, अतिरिक्त कक्षा कक्ष के साथ ही अन्य निर्माण कराए गए हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित स्कूलों को ऑडिट कराना था, लेकिन किसी भी स्कूल की ओर से यह प्रक्रिया पूरी नहीं कराई गई। ऐसे में ऑडिट टीम की ओर से राज्य परियोजना कार्यालय को रिपोर्ट नहीं भेजी जा सकी।
सभी खंड शिक्षाधिकारियों को जारी किए निर्देश में बीएसए ने कहा कि 11 अप्रैल को जिला परियोजना कार्यालय पर ऑडिट टीम मौजूद रहेगी। जिन विद्यालयों के निर्माण कार्यों का ऑडिट नहीं कराया जाएगा, उनके प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीएसए संजय सिंह ने बताया कि सभी बीईओ को निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्तर से भी प्रधानाध्यापकों को अवगत करा दें। संवाद