बरेली। शहर के कई नामचीन स्कूल वालों का अपनी शोहरत बचाने में पसीना छूट रहा है। ये स्कूल 12वीं के बाद अब 10वीं के रिजल्ट में भी कोई खास दम नहीं दिखा सके। 12वीं के रिजल्ट में पीलीभीत के बच्चों ने उन्हें निराश किया तो अब 10वीं के रिजल्ट में शाहजहांपुर के बच्चे बाजी मार ले गए।
शहर के कुछ स्कूल पिछले कई सालों से अभिभावकों की नजर में नंबर वन थे। परीक्षा के समय लोगों को पता होता था कि टॉपर इन्हीं स्कूलों से निकलेंगे। मगर इस बार सीबीएसई 12वीं और 10वीं रिजल्ट के बाद इन स्कूलों के दावों की हवा निकल गई है। जोरदार शोहरत रखने वाले इन स्कूलों का रिजल्ट तो अच्छा रहा लेकिन काफी दम लगाकर भी टॉपर्स की सूची में अपने नाम के अनुरूप जगह नहीं बना पाए। एडमिशन के दौरान अभिभावकों को तमाम नखरे दिखाने वाले इन स्कूलों के रिजल्ट में यह बदलाव अब लोगों को नए सिरे से धारणा बनाने को मजबूर कर रहा है।