बरेली। सियासी महासमर में आप भी जिला अस्पताल में इलाज कराने जा रहे हैं तो थोड़ा संभल कर जाएं। आपको यहां परेशानी उठानी पड़ सकती है। क्योंकि जिला अस्पताल के अधिकतर डॉक्टरों की ड्यूटी वीआईपी दौरों में लगी है जो 20 अप्रैल तक जारी रहेंगे। ऐसे में आपको इलाज कराने के लिए पूरा दिन भटकना पड़ सकता है।
बरेली में इसी माह चुनाव होने हैं। पार्टियों के स्टार प्रचारकों का दौरे शुरू हो गए हैं, जो 20 अप्रैल तक जारी रहेंगे। वीवीआईपी के आगमन पर आपातकालीन चिकित्सकीय सेवा देने के लिए डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाती है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या पहले से ही कम है अब ड्यूटी वीआईपी दौरों में लगने से संख्या और कम हो गई। पिछले एक सप्ताह में ओपीडी में कई डॉक्टर बैठ ही नहीं पाए हैं। मरीजों की काफी भीड़ लगी है। काफी मशक्कत के बाद उनको दवा मिल पा रही है। 20 अप्रैल तक यही हाल रहने की उम्मीद है। सीएम योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बदायूं में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रियंका गांधी का दौरा भी संभावित है। वीआईपी ड्यूटी के चलते अस्पताल में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।