एयरफोर्स की सुरक्षा मानकों को धता बताकर हो रहा सिविल एंक्लेव का निर्माण
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। पुलवामा में आतंकी हमले के बाद सैन्य सुरक्षा को अभेद बनाने के लिए रक्षा मंत्रालय से आदेश जारी हुए हैं। एयरफोर्स में हाई अलर्ट लागू कर दिया गया है। तो वहीं, सिविल एंक्लेव निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने की होड़ में सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर दिया गया है। जिससे एयरबेस की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लग रहा है। मामले की जानकारी होने पर एयरफोर्स अधिकारियों ने एएआई संयुक्त महाप्रबधंक को पत्र लिखकर कड़ी चेतावनी दी है।
एयरफोर्स की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि एयरबेस में निर्माण आदि कार्य कराने के लिए पूर्व में ही सभी नियम-कायदे की जानकारी दे दी गई थी। साथ ही, जनहित के कार्य में एयरफोर्स पूरी तरह सहयोग कर रहा है। लेकिन सुरक्षा मानकों से किसी तरह कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। कहा है कि पिछले दिनों एयरफोर्स अधिकारियों ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तो कई खामियां मिलीं। एएआई का एक ट्रैक्टर प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजरता पाया गया। साथ ही, खोदाई का मलबा एयरफोर्स द्वारा निर्धारित स्थल से इतर फेंकता हुआ मिला। जबकि एयरफोर्स की ओर से पहले ही मलबा आदि सामग्री और आवागमन की जगह निर्धारित की गई है। इसके बाद भी सुरक्षा मानकों को अनदेखा कर निर्माण कार्य किया जाना आपित्तजनक है। एएआई संयुक्त महाप्रबंधक को लिखे पत्र में कहा गया है कि इस दौरान वहां निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए कोई सुपरवाइजर भी मौजूद नहीं था।
एयरबेस के अंदर तक चले जा रहे कामगार
सूत्रों के मुताबिक निर्माण कार्य में लगे श्रमिक व अन्य एयरफोर्स की गतिविधियों को देखने के लिए एयरबेस के काफी अंदर तक चले जाते हैं। जिसकी जानकारी एएआई को एयरफोर्स अधिकारियों ने पूर्व में दी थी। जानकारी होने पर एएआई ने चेताया भी था। शुरुआत में कुछ दिन तक सब ठीक रहा अब फिर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश शुरू हो गया है। जिस पर एयरफोर्स ने कड़ी आपत्ति जताई है। मामले पर एयरफोर्स अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से जानकारी देने से मना कर दिया।
अब तक नहीं दिया गया है लीज का किराया
एयरबेस में टैक्सी वे का निर्माण कार्य कराने के लिए करीब दो माह पहले पांच वर्ष की लीज के लिए एक करोड़ रुपये का किराया एएआई ने अब तक अदा नहीं किया है। सूत्रों के मुताबिक अगर किराया का जल्द भुगतान नहीं किया गया तो सिविल एंक्लेव के सुचारू संचालन पर आगामी दिनों में बड़ा संकट आ सकता है। तो वहीं एएआई के संयुक्त महाप्रबंधक ने किराया का मामला रक्षा मंत्रालय और एएआई के बीच होने की बात कहकर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है।
एयरफोर्स का पत्र प्राप्त मिला है। उन्होंने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात कही है। एयरबेस में निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। एयरफोर्स की ओर से बताए गए निर्धारित स्थान पर ही सभी कार्य हो रहे हैं। मामले से जिलाधिकारी को भी अवगत करा दिया है। - आर. कुलश्रेष्ठ, संयुक्त महाप्रबंधक