सिलहरी (बदायूं)। सख्त पाबंदी के बावजूद जिले में हर्ष फायरिंग नहीं रुक रही है। लगातार बेगुनाह लोग इसके शिकार हो रहे हैं। शुक्रवार को सिविल लाइंस क्षेत्र के ग्राम दहेमी में एक लगन समारोह के दौरान फायरिंग की गई, जिसमें एक मासूम समेत दो लोग घायल हो गए। फायरिंग करने वाला मौके से फरार हो गया।
ग्राम दहेमी निवासी शिवम पटेल की शुक्रवार दोपहर ग्राम आम गांव से लगन आई थी, जिसमें शामिल होने के लिए दर्जनों रिश्तेदार और गांव के लोग आए थे। दोपहर के समय लगन चढ़ रही थी। उस दौरान कई लोग और रिश्तेदार आसपास खड़े थे। तभी एक युवक ने अंटी से तमंचा निकाल कर फायरिंग शुरू कर दी। लोगों ने उससे फायरिंग करने को मना भी किया था लेकिन वह नहीं माना और फायरिंग करता रहा। उसी दौरान उसके तमंचे से निकली गोली पास में खड़े हुलकन प्रजापति (25) और मूसाझाग क्षेत्र के कस्बा गुलड़िया निवासी अभिषेक पटेल की दो वर्षीय बेटी को जा लगी, जिससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगते ही लगन समारोह में अफरातफरी मच गई। पंडाल में खड़े लोग भाग खड़े हुए। फायरिंग करने वाला भी मौके देखकर वहां से खिसक गया। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर खेड़ा नवादा चौकी पर तैनात एसआई विकास पूनिया पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने तुरंत घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। आरोपी को तलाश किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
हर्ष फायरिंग की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था लेकिन अभी तक कोई तहरीर लेकर थाने नहीं आया है। इस संबंध में कोई तहरीर देता है तो रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
ओपी गौतम, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस