बरेली। कच्ची सड़क और पानी का निकास न होने के चलते अकसर वंशी नगला में हादसे होते हैं। सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर और पोल के नीचे भरे पानी में अकसर करंट भी उतर आता है। मोहल्ले में सड़क पर भरे पानी के चलते शनिवार को वहां से गुजर रहे कुछ स्कूली छात्रों को करंट लग गया। छात्रों ने स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल से शिकायत की तो उन्होंने तुरंत बिजली विभाग और नगर निगम को सूचित किया। कुछ वक्त पहले एक बुजुर्ग फेरी वाले की भी पानी में गिरने के चलते मौत हो गई थी।
सुभाषनगर में वंशी नगला स्थित होली पब्लिक स्कूल के कक्षा एक और पांचवीं के छात्रों को सुबह स्कूल जाते हुए रास्ते में भरे पानी से गुजरते वक्त करंट लग गया। छात्रों ने स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल सीता मौर्य से शिकायत की तो उन्होंने तत्काल बिजली विभाग में शिकायत की। उन्होंने बताया कि अकसर यहां पानी भरा होेने के कारण बिजली के पोल से करंट उतर आता है। कक्षा एक की मानवी और कक्षा पांच के रोहित और रौनित ने उनसे करंट लगने की शिकायत की। कच्ची सड़क और पानी का कोई निकास न होने के कारण यहां पानी भरा रहता है। कई बार संबंधित विभागों से शिकायत की गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। यहां फिसल कर गिरने के कारण भी कई लोगों के साथ हादसे हो चुके हैं। हादसों को लेकर कई बार मोहल्ले वाले हंगामा भी कर चुके मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
‘छात्रों से शिकायत मिलते ही बिजली विभाग से संपर्क किया गया था। लेकिन अभी तक कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। जलभराव की सोमवार को नगर आयुक्त से भी शिकायत की गई थी।’
- सीता मौर्य, प्रिंसिपल