आर्मी में सेना की भर्ती सकुशल संपन्न कराने को मुरादाबाद से आरपीएफ आज बरेली जंक्शन पहुंच गई। पहले दिन अभ्यर्थियों की भीड़ कम ही रही। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ सकती है। भर्ती एक जून तक चलेगी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर बीएस तोमर ने बताया कि पिछली घटनाओं से सबक लेते हुए मुरादाबाद से एक एएसआई और पांच कांस्टेबल को बुलाया गया है। फोर्स एक जून तक जंक्शन पर तैनात रहेगी। 2011 में आईटीबीपी की भर्ती निरस्त होने पर उपद्रवियों ने जमकर लाल फाटक और जंक्शन पर उपद्रव किया था। नाराज अभ्यर्थियों ने वेंडरों का सामान लूट लिया था। फोर्स कम होने से आरपीएफ और जीआरपी मूकदर्शक बनी रही थी। उसी दिन हिमगिरि एक्सप्रेस की छत पर चढ़े कई अभ्यर्थियों की शाहजहांपुर में पुल से टकराने से मौत हो गई थी।