बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड को लेकर नगर निगम के खिलाफ एनजीटी मेें याचिका दायर करने वाला समाज सेवा मंच आंदोलन तेज करने की योजना बना रहा है। मंच की बैठक में तय किया गया एनजीटी को सबूत देकर नगर निगम को एक्सपोज किया जाएगा।
बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड कूड़े से भर गया है, इसके बावजूद नगर निगम वहीं कूड़ा डाल रहा है। इससे लोगों का स्वास्थ्य लगातार प्रभावित हो रहा है। वहां टीबी जैसी संक्रामक बीमारियां पैर पसार रही हैं। रजऊ परसपुर स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट नगर निगम की लापरवाही के चलते वर्ष 2014 से बंद है। समाजसेवा मंच ने जब यह मामला एनजीटी में उठाया तो नगर निगम ने बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड की दशा सुधारने के लिए कागजी कार्रवाई तो शुरू कर दी लेकिन समस्या के निस्तारण के लिए कोई ठोस कार्ययोजना नहीं बना सका। इसे लेकर एनजीटी कई बार नगर निगम को फटकार लगा चुका है। शुक्रवार को एनजीटी की सख्ती के बाद शनिवार को कुतुबखाना में समाज सेवा मंच की बैठक हुई। इसमें कहा गया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शुरू करने के नीतिपूर्ण मामले में भी नगर निगम अनीतिपूर्ण खेल कर रहा है। इसके खिलाफ सबूत जुटाकर मंच के अधिवक्ता गौरव बंसल की मदद से एनजीटी में नगर निगम को एक्सपोज किया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष दलजीत सिंह, मोहम्मद मशरूर, कासिब हसीब, अखिलेश पाठक, मुजाहिद इस्लाम आदि मौजूद रहे।