झमाझम बारिश से भले ही लोगोें को गर्मी से राहत मिल गई, लेकिन जगह-जगह खंभों पर करंट उतरने के साथ ही लूज लाइन तारों में आग लग गई। केबल फाल्ट, इंसुलेटर आदि में खराबी के चलते पूरे दिन आंखमिचौनी चली, देर शाम तक फाल्ट दूर होेते रहे।
सोमवार दोपहर में उमस और गर्मी के बीच अचानक आए काले बादलों ने शहर को सराबोर कर दिया। इसके साथ ही शहर में बिजली सप्लाई व्यवस्था चौपट हो गई। दर्जनों स्थानों पर करंट उतरने की शिकायत बनी रही, कोहाड़ापीर, पुराना शहर आदि स्थानों पर बारिश होने से लूज लाइनों में चिंगारी उठीं और लपटों में बदल गईं। इसलिए उपकेंद्रों पर लाइनें बंद करने के लिए फोन आते रहे।
एसई शहर मनोज पाठक ने अधीनस्थों को निर्देशित किया कि वे फाल्ट आने की शिकायतें प्राथमिकता पर दूर कराएं। बाली पुर लाइन पर आए फाल्ट से हरूनगला, महानगर और नकटिया आदि उपकेंद्र प्रभावित हो गए। जेई आरके झा ने मौके पर पहुंच कर फाल्ट दूर कराए।