बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के 13,101 विद्यार्थियों को 3,26,96,905 रुपये की छात्रवृत्ति दी है। राजकीय इंटर कॉलेज बरेली में लखनऊ से छात्रवृत्ति वितरण के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। सांसद छत्रपाल गंगवार ने जनपद के शासकीय, अशासकीय और वित्तविहीन विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ मुख्यमंत्री का कार्यक्रम देखा। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के चयनित छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र दिए गए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी के मुताबिक, कक्षा 10 में अनुसूचित जाति के 1,537 विद्यार्थियों को 21.47 लाख, सामान्य वर्ग के 499 विद्यार्थियों को 14.97 लाख, अन्य पिछड़ा वर्ग के 4,395 विद्यार्थियों को 98.89 लाख और अल्पसंख्यक वर्ग के 1,201 विद्यार्थियों को 36.03 लाख रुपये छात्रवृत्ति दी गई। इसी क्रम में कक्षा 10 के कुल 7,632 विद्यार्थियों को 1.71 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति मिली है।
कक्षा 12 के अनुसूचित जाति के 1,025 विद्यार्थियों को 12.06 लाख, सामान्य वर्ग के 379 विद्यार्थियों को 11.40 लाख, अन्य पिछड़ा वर्ग के 3,323 विद्यार्थियों को 1.08 करोड़ और अल्पसंख्यक वर्ग के 742 विद्यार्थियों को 24.13 लाख रुपये दिए गए। कुल 5,469 विद्यार्थियों को 1.56 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति मिली है।