बरेली। भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना (2025-26) के परिणामों के अनुसार जिले में 130 मेधावी विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रदर्शनी के लिए किया गया है। जिले ने प्रदेश में 13वां स्थान हासिल किया है। वहीं मंडल में पहले स्थान पर है। इन सभी चयनित विद्यार्थियों को भारत सरकार की ओर से अपने इनोवेटिव मॉडल तैयार करने के लिए 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खातों में प्रदान की जाएगी।
हालांकि, इस वर्ष चयनितों की संख्या पिछले साल के 158 के मुकाबले कम रही है, लेकिन गुणवत्ता के मामले में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस योजना की सबसे खास बात यह है कि प्रत्येक स्कूल से अधिकतम पांच ही आवेदन स्वीकार किए जाते हैं, जिनमें से कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद श्रेष्ठ आइडिया को चुना जाता है। मंडल में बदायूं 107 के साथ दूसरे, शाहजहांपुर 95 के साथ तीसरे और पीलीभीत 80 चयनित विद्यार्थियों के साथ चौथे स्थान पर रहा।
जनपद का राजकीय हाईस्कूल तालगोटिया एकमात्र ऐसा सरकारी स्कूल बनकर उभरा है, जहां के तीन विद्यार्थियों स्पर्श मौर्य, खुशी सिंह और नैन्सी ने अपनी जगह बनाई है। जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य ने समस्त चयनित छात्र-छात्राओं, उनके प्रधानाचार्यों और मेंटोर शिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।