क्रिकेट नर्सरी 16.2 ओवरों में मात्र 91 रन पर ढेर, क्रिकेट लीग के पहले दिन खेले गए दो मुकाबले
बरेली। बरेली प्रीमियर टी-20 प्राइजमनी क्रिकेट लीग (शकुंतला देवी की स्मृति में) का शुक्रवार को आगाज हुआ। उद्घाटन मैच का शुभारंभ वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व गेंद खेलकर किया। पहले मैच में यशु प्रधान ने ताबड़तोड़ चौके-छक्के लगाकर 44 गेंदों में 124 रन बनाए। उनकी शतकीय पारी से एसआरएमएस की टीम विजेता बनी। वहीं, दूसरे मैच में डकवर्थ लुईस नियम के तहत जीपी क्रिकेट अकादमी ने जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए पहले मुकाबले में एसआरएमएस और क्रिकेट नर्सरी आमने-सामने रहीं, जिसमें एसआरएमएस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 144 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएमएस की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 236 रनों का स्कोर खड़ा किया। 236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट नर्सरी की टीम एसआरएमएस के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 16.2 ओवरों में मात्र 91 रन पर ढेर हो गई। एसआरएमएस की ओर से अंशुमान कश्यप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में केवल 11 रन देकर चार विकेट झटके।
- बारिश से प्रभावित रहा दूसरा मुकाबला
दिन का दूसरा मुकाबला बरेली हंटर्स और जीपी क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। इस मैच में बरेली हंटर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित ओवरों में बरेली हंटर्स की टीम 19.4 ओवर में 149 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कमल चंदेल ने 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। जीपी क्रिकेट अकादमी की ओर से गोपाल चहर ने 3.4 ओवर में 23 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीपी क्रिकेट अकादमी की टीम ने बारिश से प्रभावित मैच में डकवर्थ-लुईस नियम के तहत आठ विकेट से जीत दर्ज की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल, पार्षद राजेश अग्रवाल, उद्यमी अजय शुक्ला और वरिष्ठ क्रिकेटर देवेश गंगवार उपस्थित रहे।
पत्रकार क्रिकेटर्स क्लब रजि. के अध्यक्ष सुनील सक्सेना और सचिव प्रशांत रायजादा ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट के अंतर्गत शनिवार को भी दो रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच जीएसटी-11 और बरेली हंटर्स के बीच, जबकि दूसरा मुकाबला ओसिस क्रिकेट क्लब और क्रिकेट नर्सरी के मध्य आयोजित होगा। संवाद