बरेली। बरेली जोन के नौ जिलों में कई पुलिस अधिकारी अपने सीयूजी नंबर पर कॉल रिसीव नहीं करते हैं। इस तरह की सूचनाएं और शिकायतें एडीजी के पास काफी समय से आ रहीं थीं। उन्होंने लिखित निर्देश जारी करके स्पष्ट किया है कि हर अधिकारी को सीयूजी नंबर अपने पास रखना और खुद ही उसे रिसीव भी करना होगा।
एडीजी अविनाश चंद्र को मिल रही शिकायतों में बताया जा रहा था कि कई जिला स्तरीय अधिकारी अपने सीयूजी मोबाइल पर कॉल रिसीव ही नहीं करते हैं। केवल कुछ अफसरों या अन्य वीआईपी के सेव नंबर ही उठाते हैं। वहीं कई अधिकारी ऐसे भी हैं जो अपना मोबाइल पीआरओ को दे देते हैं। शिकायत यह भी थी कि कई अफसरों के पीआरओ इस छूट का नाजायज फायदा उठाकर बिल्कुल अफसर की तरह बात करते हैं और आदेश-निर्देश जारी करते हैं। ऐसे में थानों पर पुलिसकर्मियों की झिड़कियां सुनकर हताश जनता को न्याय की उम्मीद भी खत्म हो जाती है। एडीजी ने बताया कि मुख्यमंत्री और डीजीपी के साफ आदेश हैं कि अधिकारी हर समय सीयूजी नंबर साथ रखेंगे और रिसीव करेंगे। विशेष परिस्थिति में कॉल रिसीव न कर पाने पर उन्हें कॉल बैक कर रेस्पांस देना होगा। इसलिए उन्होंने बरेली और मुरादाबाद मंडल के सभी अधिकारियों को लिखित में निर्देश जारी कर दिए हैं। अनुपालन न करने पर कार्रवाई की जाएगी।