बरेली। रक्षा विभाग को एडमिशन का 40 फीसदी का कोटा देने में आनाकानी करना कैंट एरिया के एक स्कूल को भारी पड़ सकता है। तीस सालों से लीज की जमीन पर चल रहे इस स्कूल को रक्षा संपदा विभाग की ओर से लीज खत्म होने के आठ महीने पहले ही नोटिस जारी कर जमीन खाली कर स्कूल कहीं और ले जाने को कहा गया है। नोटिस में यह चेतावनी भी दी गई है कि अगले आठ महीनों में स्कूल परिसर में कोई अतिक्रमण, अवैध निर्माण या क्रय-विक्रय जैसा काम न किया जाए।
रक्षा संपदा विभाग की निगाहें सेंट मारिया गौरेटी स्कूल पर कुपित हुई हैं। इस स्कूल को 30 सालों की लीज पर जमीन दी गई थी जिसके लिए करीब डेढ़ लाख रुपये सालाना किराया तय हुआ था। यह लीज 11 फरवरी 2020 को खत्म हो रही है। रक्षा संपदा विभाग ने आठ महीने पहले ही नोटिस जारी कर लीज अवधि समाप्त होते ही बिना किसी विवाद के भूमि को खाली कर उसका कब्जा देने को कहा है। दरअसल कुछ समय पहले मेरठ कैंट में एक स्कूल को उसकी लीज खत्म होने पर नोटिस दिया गया था लेकिन स्कूल ने कब्जा नहीं छोड़ा। रक्षा संपदा विभाग की टीम उसे हटाने पहुंची तो काफी हंगामा खड़ा हो गया। इसी के मद्देनजर रक्षा संपदा विभाग ने आठ महीने पहले ही नोटिस जारी कर दिया है ताकि लीज की अवधि खत्म होने तक स्कूल सारी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर सके।
लीज की शर्तें न मानने पर टेढ़ी हुईं निगाहें
लीज एग्रीमेंट में स्कूल के लिए सेना और रक्षा विभाग के लिए 40 प्रतिशत का एडमिशन कोटा देने की शर्त तय थी। बताया जाता है कि कोटे की इन सीटों पर स्कूल सिविलियन को ही एडमिशन देता है। सेना के जवान और रक्षा विभाग के दूसरे कर्मचारी अपने बच्चों का एडमिशन कराने पहुंचते हैं तो उन्हें टहला दिया जाता है। नियमानुसार शर्तों का पालन न करने पर रक्षा संपदा विभाग को लीज अवधि खत्म होने से पहले ही अनुबंध निरस्त करने का अधिकार भी है।
डीईओ कार्यालय से अभी कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। नोटिस मिलने पर उसे सोसायटी के सामने रखेंगे, सोसायटी ही निर्णय लेगी। फि लहाल इस बारे में और कुछ कह नहीं सकती। - सिस्टर अल्फोंसा, प्रिंसिपल, सेंट मारिया गोरेटी
लीज खत्म होने से पहले ही कॉलेज को नोटिस जारी कर उन्हें नई जगह खोजने का समय दिया है ताकि बाद में विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। कॉलेज प्रशासन लीज की शर्तों का उल्लंघन कर रहा है इसलिए उसकी लीज अवधि बढ़ाई जानी बेहद मुश्किल है। - प्रमोद कुमार सिंह, रक्षा संपदा अधिकारी