बदायूं। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को शहर के पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज में ‘गृहमंत्री के साथ घर की वित्तमंत्री भी हैं महिलाएं’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि एलडीएम श्याम पासवान ने कहा कि महिलाओं को परिवार की कई बड़ी जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। उन्हें बचत से लेकर भोजन, स्वास्थ्य, रिश्तेदार, बच्चों की पढ़ाई सब कुछ देखना पड़ता है। ऐसे में उन्हें शुरू से ही बचत की आदत डालनी चाहिए।
शुक्रवार को हुए कार्यक्रम में श्री पासवान ने कहा कि छात्राओं में बचत की लगन सबसे अधिक होती है। वे स्कूल टाइम से ही बचत करने लगतीं हैं। गृहणी बनने पर घर संभालतीं हैं, तो भी बचत करके रखती हैं। अब तो बचत करने के बहुत साधन हैं। वे बैंक में अपना खाता खुलवाकर रुपये जमा कर सकती हैं। इस पर उन्हें ब्याज भी मिलेगा। हर बैंक अपना एप लांच कर चुका है। इससे उन्हें रोज बैंक के चक्कर भी लगाने नहीं पड़ेंगे। एटीएम कार्ड बनवा लें लेकिन अपना पासवर्ड शेयर नहीं करें। उन्होंने कहा कि पहले लोग पैसे के अभाव में पढ़ाई अधूरी छोड़ देते थे लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। किसी की पढ़ाई अधूरी नहीं छूटेगी। इसके लिए वे अपनी डिग्री पर लोन ले सकते हैं।
बैंक काउंसलर सुनील कुमार ने कहा कि आज लगभग सभी छात्राओं के खाते खुल चुके होंगे। फिर भी कोई परेशानी होती है तो तुरंत बात करें, उसका समाधान होगा। प्रधानाचार्य मधु शर्मा ने कहा कि अमर उजाला ने छात्राओं के चेहरे पर मुस्कान लाने का जो अभियान चलाया है, वह वाकई काबिले तारीफ है।