बरेली। अमृत योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए भारत सरकार के सचिव दुर्गा प्रसाद मिश्रा शुक्रवार को बरेली पहुंचे। कमिश्नरी में बैठक के बाद उन्होंने गांधी उद्यान और अक्षर विहार में सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा भी लिया।
कमिश्नरी में आयोजित बैठक में कमिश्नर रणवीर प्रसाद, नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन., वीसी बीडीए दिव्या मित्तल समेत कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान आवास एवं अमृत योजना से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने प्रोजेक्ट की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा जो भी विकास कार्य हों उनका जनता को वास्तविक लाभ मिलना चाहिए। इसके बाद वह कमिश्नर और निगम अफसरों के साथ निरीक्षण के लिए अक्षर विहार और गांधी उद्यान पार्क में पहुंचे। अक्षर विहार को देखकर उन्होंने काफी संभावनाएं जताते हुए इसे बेहतर तरीके से विकसित करने को कहा। इसके बाद वह गांधी उद्यान पहुंचे। वहां उन्होंने सौंदर्यीकरण के दौरान बनाए गए फुटपाथ की चौड़ाई पर असहमति जताई और इसे ज्यादा चौड़ा बनाने को कहा।