शाहजहांपुर/भावलखेड़ा। मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद, डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2019 व होली पर्व में निकलने वाले लाट साहब जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद आरसी मिशन क्षेत्र में निकलने वाले छोटे लाट साहब के जुलूस के मद्देनजर रूट मार्च किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से वार्ता कर जुलूस में सहयोग कराने अपील की।
मंडल आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी कर्मठ होकर चुनाव को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी बूथों पर अधिकारी जाकर निरीक्षण कर लें। डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया पूर्ण कर लेें। लाठी, डंडा, हेलमेट पर्याप्त मात्रा में होने चाहिए। चौकीदार की सूची बना ली जाए। चुनाव के समय जिस अधिकारी की ड्यूटी जिस क्षेत्र में लगाई जाए, उसे संबंधित अधिकारी कड़ाई से पालन करें। इसके उपरान्त मंडल आयुक्त व डीआईजी ने होली में निकलने वाले जुलूस की समीक्षा की। इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट को जुलूस में कड़ाई से ड्यूटी करने व हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने पुलिस फोर्स के साथ जुलूस के रूटों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट अमृत त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवा सिम्मी चनप्पा, मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अक्षत वर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।