बरेली। लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू होते भाजपा ने सोशल मीडिया पर विपक्षी दलों के हमलों पर सर्जिकल स्ट्राइक करने के लिए बरेली और आंवला में 11 हजार आईटी एक्सपर्ट की टीम तैयार की है। भाजपा के आईटी एक्सपर्ट ट्रेनर्स ने फेसबुक, ट्वीटर एकाउंट के अलावा 220 नए व्हाट्सएप ग्रुप बनाए हैं। इसके अलावा दोनों लोकसभा सीटों को जिताने के लिए पांच हजार वालंटियर भी बनाए हैं। यह सब मिलाकर चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं के बीच में किसी भी हमले का जवाब सेकेंड और मिनटों में मतदाताओं के पास भेजेंगे।
भाजपा का आईटी सेल स्मार्ट फोन धारक मतदाताओं का सर्वे करा रहा है। उन पर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों की जानकारी व्यक्तिगत तौर पर देने के अलावा केंद्र में मजबूत सरकार बनने के फायदे समझाने के लिए मतदाताओं को फेसबुक, ट्वीटर और व्हाट्सएप ग्रुपों से जोड़ा जा रहा है। जनपद स्तर पर प्रत्येक लोकसभा स्तर पर ग्यारह, विधानसभा स्तर पर सात और मंडल स्तर पर पांच आईटी प्रशिक्षित युवाओं को मतदाताओं से सोशल मीडिया के माध्यम से सीधे संपर्क करने की जिम्मेदारी दी है। बरेली महानगर में 10 और ग्रामीण क्षेत्र में 145 आईटी एक्सपर्ट प्रत्येक सेक्टर में व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर नए मतदाताओं के अलावा उन मतदाताओं को सीधे भाजपा से कनेक्ट करेंगे, जिन मतदाताओं तक किसी भी दल की पहुंच नहीं है। प्रत्येक मंडल में 10 सेक्टर हैं और प्रत्येक सेक्टर में 10 बूथ। इस तरह 2200 बूथों में प्रत्येक पर कम से कम पांच युवा सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेंगे। इस तरह 11 हजार युवा भाजपा के जिला और प्रदेश मुख्यालय आईटी सेल के सीधे संपर्क में रहेंगे। आईटी एक्सपर्ट स्मार्ट फोन धारकों को भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश मुख्यालय से आने वाले संदेश सीधे ग्रुप या व्यक्तिगत तौर पर फेसबुक, ट्वीटर, व्हाट्सएप के जरिए भेजेेंगे। जिन मतदाताओं के पास स्मार्ट फोन नहीं हैं, उनको एसएमएस के जरिए वोट कमल निशान पर देने की अपील की जाएगी।
केंद्रीय और प्रदेश मुख्यालय के निर्देश पर जनपद से लेकर विधानसभा, मंडल, सेक्टर और बूथों पर आईटी प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के लिए तैयार किया गया है। भाजपा के स्लोगन, नारे, ऑडियो और वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप डाले जाएंगे। सोशल मीडिया पर भाजपा विपक्ष के हर हमले का पूरी ताकत से जवाब देगी। अमित कुमार वर्मा, आईटी सेल भाजपा