बरेली। संभागीय परिवहन प्राधिकरण की मीटिंग में कमिश्नर रणवीर प्रसाद डग्गामार एवं अवैध स्कूल बसों को लेकर सख्त नजर आए। उन्होंने अधिकारियों से पूछा, संचालित बसों में कितनी रजिस्टर्ड हैं और कितनों के पास परमिट हैं, इनका मिलान करके रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। इसी तरह स्कूलों बसों के परमिट की भी उन्होंने जांच रिपोर्ट मांगी है।
आयुक्त सभागार में हुई बैठक में मंडलायुक्त ने हर माह नवीनीकरण वाली गाड़ियों की सूची तैयार की जाए और उसकी सूचना वाहन मालिक को भी दी जानी चाहिए। उन्होंने एआरटीओ पीलीभीत को निर्देश दिए कि पूरनपुर टाडरगंज से शेरपुर, कुरईयां जाने वाले मार्ग पर ऑटो के नए परमिट देने की सूचना को सार्वजनिक किया जाए। मंडलायुक्त ने शेरगढ़ केंद्र से संबंधित सूचना मांगी तो एआरटीओ बरेली यह रिकार्ड नहीं दिखा सके। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए सप्ताह भर में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। इसी तरह शाहजहांपुर में सीएनजी पंप स्थापित न किए जाने पर अब तक कोई भी कार्रवाई न होने पर एआरटीओ शाहजहांपुर से नाराजगी जताई। सीएनजी पंप स्थापित करने के लिए तत्काल भूमि चयन कर कार्यदायी संस्था को काम शुरू कराने के आदेश दिए। इस मौके पर प्रभारी डीएम सत्येंद्र कुमार, उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र वीके सोनकिया, संभागीय परिवहन अधिकारी अनिल गुप्ता समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।