बरेली। पुलिस अचानक किसी के घर पहुंच जाए तो लोग सहम जाते हैं, लेकिन इस दिवाली नजारा कुछ और ही रहा। पुलिस की टीम जब घर पहुंची तो लोगों की खुशी दोगुनी हो गई। पुलिस कर्मियों ने मिठाई और पटाखे दिए तो बच्चों के चेहरे चमक गए। दिवाली पर बरेली पुलिस ने अपनी ड्यूटी निभाने के साथ गरीबों के बीच खुशियां भी बांटी। परिजनों से दूर पुलिसकर्मी गरीबों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे। सभी थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों ने अपने क्षेत्र में झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को मिठाई और पटाखे दिए तो उनकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा।
आईटीबीपी में सामूहिक पूजन
बरेली। आईटीबीपी बुखारा कैंप में दिवाली पर सामूहिक पूजन हुआ। इसमें उप महानिरीक्षक एपीएस निम्बाडिया, सेनानी समर बहादुर सिंह, सीएमओ राधेश्याम भारती आदि ने सामूहिक पूजन कर जांबाजों की सुरक्षा और देश की एकता, अखंडता की कामना की। उपमहानिरीक्षक ने मौजूद सभी को दिवाली की महिमा बताई और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं।
कुष्ट रोगियों के साथ मनाई दिवाली
बरेली। मानव सेवा क्लब के पदाधिकारियों ने असीसी नगर स्थित कुष्ट आश्रम में दिवाली मनाई। कुष्ट रोगियों में मिठाई, मोमबत्ती और फलों का वितरण किया। इसके अलावा उन्हें रोजमर्रा के उपयोग के लिए सामान का वितरण किया गया। इस दौरान अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा, अभय भटनागर, सुधीर कुमार चंदन, रश्मि उपाध्याय, मुकेश सक्सेना आदि मौजूद रहे।