बरेली। कुतुबखाना फ्लाईओवर का विरोध कर रहे व्यापारियों ने रविवार को यहां फैली गंदगी को लेकर नगर निगम पर हमला बोला। व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम का सफाई पर तो ध्यान है नहीं, लेकिन लाल निशान लगाकर व्यापारियों के लिंटर तोड़ने पर आमादा है। वे फ्लाईओवर किसी कीमत पर नहीं बनने देंगे।
कुतुबखाना कार्यालय पर हुई बैठक की अध्यक्षता रविंद्रपुरी ने की। व्यापारियों ने कहा कि बाजार की सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। फ्लाईओवर बनाने के लिए चिह्नीकरण करके लिंटर तोड़ने पर आमादा हैं। यह चिह्नीकरण पूरी तरह से फर्जी है और वे लोग इसको लेकर कानूनी कार्रवाई करेंगे। फ्लाईओवर तो किसी कीमत पर नहीं बनने देंगे। ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस से बैठक की जाएगी। नदीम शमसी को मिली धमकी को लेकर एसएसपी से मुलाकात कर सुरक्षा देने की मांग करेंगे। इस दौरान विजय गुप्ता, मो. आमिर खान, मोनी जौहरी, बब्लू, चंद्र गुलाटी आदि मौजूद रहे।