वाईफाई जोन को शुरू करने आज आएगी ट्राइमैक्स की टीम
- बीएसएनएल और नगर निगम के अनुबंध से अयूब खां और नावल्टी के बीच तैयार किया जा रहा है वाईफाई जोन
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। शहरवासियों को फ्री वाईफाई की सुविधा जल्द मिलनी शुरू हो जाएगी। बीएसएनएल और नगर निगम के अनुबंध से अयूब खां और नावल्टी के बीच वाईफाई जोन तैयार किया जा रहा है। बहुत पहले चार एक्सिस प्वाइंट भी लगा दिए गए थे, लेकिन सर्विस शुरू होने से पहले ही पिछले दिनों आए आंधी-पानी में ये चारोंएक्सिस प्वाइंट खराब हो गए। अब इसे ठीक करने के लिए ट्राइमैक्स कंपनी के लोग शुक्रवार को शहर में पहुंचेंगे। उसके बाद इस सर्विस का ऑफिशियल शुभारंभ पब्लिक के लिए किया जाएगा।
बीएसएनएल ब्रॉडबैंड के सब डिवीजनल इंजीनियर मनीष शर्मा ने बताया कि ट्राइमैक्स कंपनी के कर्मचारी शुक्रवार को आने वाले हैं। एक्सिस प्वाइंट के ठीक होने के बाद सर्विस शुरू कर दी जाएगी। यह सुविधा मोबाइल यूजर्स के लिए निशुल्क होगी।
बता दें कि अयूब खां चौराहा, हनुमान मंदिर, पहलवान साहब की मजार और दीनानाथ लस्सी वाले के पास एक्सिस प्वाइंट लगाने का काम बहुत पहले ही पूरा हो चुका था, लेकिन पिछले दिनों हुुई बारिश और तेज हवाओं के कारण सिस्टम में खराबी आ गई थी, जिसकी वजह से वाईफाई सर्विस शुरू नहीं हो सकी।
अनलिमिटेड मिलेगी सुविधा
हॉट स्पॉट जोन में दस मेगाबाइट प्रति सेकेंड की स्पीड मिलेगी। अधिकारियों की मानें तो वाईफाई की सुविधा मोबाइल यूजर्स के लिए अनलिमिटेड होगी। एक समय में करीब एक हजार लोग नेट सर्फिंग कर सकेंगे।
सिस्टम में कुछ टेक्निकल खराबी आ गई थी, जिस वजह से वाईफाई सर्विस शुरू नहीं हो सकी। अब शुक्रवार को सिस्टम को ठीक करने के लिए ट्राइमैक्स कंपनी के कर्मचारी आने वाले हैं।
- मनीष शर्मा, सब डिवीजनल इंजीनियर, ब्रॉडबैंड बीएसएनएल