बरेली। किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में सुधार गृह में सजा काट रहे बंदी को बुखार की शिकायत पर रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद ही बंदी निगरानी में तैनात सिपाही को गच्चा देकर भाग निकला। सिपाही ने शोर मचाया तो अस्पताल गेट पर तैनात पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। उसे दोबारा इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
किला स्थित बाल सुधार गृह में दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे सोलह साल के बंदी को बुखार आने पर रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी निगरानी के लिए सिपाही चेतराम को लगाया गया। भर्ती होने के बाद बंदी ने बेहोश होने का नाटक किया तो सिपाही चेतराम डॉक्टर को बुलाने चला गया। इसी बीच बंदी ने मौका पाकर बाहर की तरफ दौड़ लगा दी। सिपाही ने उसे भागते देखा तो उसके होश उड़ गए। वह शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ा, लेकिन तब तक बंदी गेट पर पहुंच गया। शोर सुनकर अस्पताल के गेट के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। उसे दोबारा कड़ी निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।