श्रमदान से पुलिया बनाकर खकरा नदी पार करेंगे दहगलावासी
मनरेगा से मंजूर हुए 11 लाख रुपये, खर्च आएगा 25 लाख
ग्रामीण श्रमदान में जुटे, 150 मीटर कच्ची सड़क को ऊंचा किया
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत।
शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित गांव दहगला के बाशिंदे इन दिनों ग्राम प्रधान की अगुवाई में कुछ अलग कहानी लिख रहे हैं। खेतों व नदी के पार दूसरे आधा दर्जन गांवों में जाने के लिए उन्हें एक पुलिया की जरूरत थी। गांव के लोगों के प्रयासों के बाद मनरेगा से कुल 11 लाख रुपये इस कार्य के लिए स्वीकृत हुए। 25 लाख की जरूरत होने के कारण उन्होंने श्रमदान कर इसे बनाना शुरू कर दिया है।
आजादी के बाद से ही इस गांव के साथ-साथ आसपास के कई गांव के लोग गांव के निकट बहने वाली खकरा नदी पर पुलिया न होने से काफी परेशान हैं। गांव के कई लोगों के खेत नदी के दूसरी ओर हैं लिहाजा उनकी खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही थी। यही नहीं, पूरे साल ग्रामीणों को नदी के पानी में उतरकर ही पार जाना पड़ता था। बारिश के दिनों में तो मुश्किल और बढ़ जाती है।
प्रधान जसपाल सिंह व ग्रामीणों के प्रयास से मनरेगा से कार्य कराने के लिए जो 11 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, उससे पुलिया ही बन पाएगी। पुलिया के साथ एप्रोच रोड आदि बनाने में करीब 25 लाख रुपये का खर्च आ रहा था। मनरेगा उपायुक्त ने ग्रामीणों को स्थिति बताई। इसके बाद गांव के कई लोग श्रमदान व सहयोग के लिए राजी हो गए। दस दिन पहले गांव के कुछ मनरेगा मजदूरों के साथ ही कई ग्रामीण श्रमदान कर उसे बनाने में जुट गए। अब तक 150 मीटर कच्ची सड़क का पटान कर उसे ऊंचा किया जा चुका है। पुलिया निर्माण के लिए नदी में पाइप डाल दिया गया है। अभी उस पर रपटा पुलिया बनाने के लिए लिंटर आदि का कार्य होना व एप्रोच बनना बाकी है। गांव के लोगों का यह कार्य आसपास के गांवों में चर्चा का विषय बना हुआ है।