हिरासत से छुड़ाया फिर गंजाकर घुमाया!
पड़ोसी के घर में घुसकर उसकी बीवी से छेड़छाड़ करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि महिला के पति ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। पहले तो जमकर धुनाई लगाई फिर लोगों की मदद से पुलिस चौकी ले गया और रिपोर्ट दर्ज करा दी। बताया गया कि चौकी में ये लोग अचानक समझौते के लिए पंचायत बुलाने की बात कहने लगे। इस पर दरोगा ने युवक को इनके साथ भेज दिया। पंचायत बैठी तो फैसला हुआ कि उसे गंजाकर गांव में घुमाया जाए। फैसले के मुताबिक, युवक के साथ यही सलूक किया गया। बताया गया कि बेइज्जती से आहत युवक घर छोड़कर फरार हो गया है।
चाचेट गांव निवासी युवक ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को पड़ोस में रहने वाला हसन अहमद पुत्र अली अहमद उसके घर में घुस गया। घर में मौजूद उसकी पत्नी से छेड़छाड़ करने लगा। इसी दौरान अचानक वह पहुंच गया और हसन अहमद को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद आसपास के कई लोगों को बुला लिया। सभी ने उसकी धुनाई की और पकड़कर चाचेट चौकी पर ले गए। यहां हसन अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसी बीच पंचायत करने की बात कहकर सभी उसे छुड़ा ले गए। बताया गया कि शुक्रवार को पंचायत में फैसले के बाद हसन को गंजा कर पूरे गांव में घुमाया गया। हसन अहमद के पिता अली अहमद ने बताया कि पुलिस बृहस्पतिवार को उनके पुत्र को पकड़कर ले गई थी। शुक्रवार को पंचायत करने वाले उसे हिरासत से ले गए थे। मामले में चौकी के दरोगा शिव मोहन का कहना है कि उन्होंने तो युवक को हिरासत में लिया ही नहीं था। उसकी तलाश की जा रही है।