बरेली। स्कूली वाहनों की जांच के लिए शुरू किए गए अभियान के दौरान बुधवार को जिले में 12 वाहनों को सीज किया गया। यह सभी वाहन मानकों का उल्लंघन करके चलाए जा रहे थे। अभियान के दौरान कई वाहनों के चालान भी काटे गए।
परिवहन विभाग एक से 15 जुलाई तक अभियान चला रहा है। इसके तहत बुधवार को कई निजी स्कूलों के वाहनों की जांच की गई। पीटीओ रमेश चंद्र प्रजापति ने फिटनेस, परमिट और बीमा समाप्त होने के बाद संचालित की जा रही, बस को सीज कर दिया। बिना कर भुगतान किए चल रहीं दूसरे प्रांत में पंजीकृत चार वैन को भी सीज किया गया।
मानकों का उल्लंघन कर अलग से लगाई गई सीट, रंग बदलनेे, परमिट शर्तों के उल्लंघन और बिना रिफ्लेक्टर संचालित दो बसों और एक वैन का चालान किया गया है। पीटीओ अजीत प्रताप सिंह ने 16 वाहनों की जांच की, दो के चालान काटे। पीटीओ विनय कुमार मिश्रा ने 22 वाहनों की जांच करके दो के चालान काटे। वहीं, बहेड़ी और देवरनियां में भी छह वाहनों को बंद कर 15 के चालान काटे गए हैं। संवाद