बरेली। गर्भवती और बच्चों को टीका लगाने की कवायद में जल्द और तेजी आने की उम्मीद है। शासन ने बरेली मंडल में 12 नए कोल्ड चेन प्वॉइंट बनाने पर सहमति जताते हुए स्वास्थ्य केंद्रों के नाम मांगे हैं। स्वास्थ्य विभाग केंद्र चयनित कर रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन के मुताबिक बरेली में चार, बदायूं में पांच, शाहजहांपुर में दो और पीलीभीत में एक कोल्ड चेन प्वॉइंट बनेगा। बताया कि दूरदराज के स्वास्थ्य केंद्रों पर कोल्ड चेन प्वॉइंट न होने से वहां वैक्सीन सुरक्षित नहीं रह सकती। इस पर अंकुश लगाने में कोल्ड चेन प्वॉइंट कारगर साबित होंगे।
वहीं, वैक्सीन खत्म होने पर दोबारा लाने में समय भी बर्बाद नहीं होगा। पूर्व में शासन को पत्र भेजकर पांच नए प्वॉइंट के लिए अनुमति और बजट मांगा था।
जल्द शासन को भेजे जाएंगे चयनित केंद्र के नाम
डॉ. प्रशांत रंजन के मुताबिक शासन ने कोल्ड चेन यूनिट कहां बनेगी, इसकी जानकारी मांगी है। सीएमओ के दिशानिर्देश पर संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के चयन की कवायद शुरू होगी। जल्द पांच केंद्रों के नाम शासन को भेज दिए जाएंगे। शासन से बजट मिलने पर उनका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। ब्यूरो