बरेली। स्मार्ट सिटी के तहत 16.58 करोड़ से प्रोजेक्ट का पहला चरण शुरू करने के लिए मुहर लग गई है। कमिश्नर रणवीर प्रसाद की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी की मीटिंग गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में हुई, जिसमें चार प्रोजेक्टों पर मंथन करने के बाद हरी झंडी दिखा दी गई। प्रोजेक्ट में स्मार्ट क्लास ओपन जिम डेलापीर का सुंदरीकरण और स्मार्ट सिटी की ब्रांडिंग शामिल है। काम शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया एक सप्ताह के अंदर पूरी हो जाएगी।
केंद्र और यूपी सरकार ने बरेली स्मार्ट सिटी के 1902 करोड़ के प्रोजेक्ट के तहत 53 करोड़ की किस्त जारी की थी। इस बजट में स्मार्ट प्लानिंग के तहत काम किए जाने हैं। नगर निगम और कंसलटेंट कंपनी ने प्रोजेक्ट प्रोग्रेस स्टेट्स रिपोर्ट बनाई। गुरुवार को कमिश्नर की अध्यक्षता में नगर निगम बीडीए, जल निगम, टाउन प्लानर और कंपनी श्रेई के प्रतिनिधि ने प्रोजेक्ट पर मंथन किया। चार प्रोजेक्ट के पहले चरण में 16.58 करोड़ में से स्मार्ट क्लास पर 1.91 करोड़, ओपन जिम पर 1.57 करोड़, डेवलपमेंट, ब्रांडिंग पर एक करोड़ और डेलापीर चौराहे रोड के सुंदरीकरण पर 12.1 करोड़ के बजट को मंजूरी मिली है। बैठक में नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव, बीडीए सचिव सुरेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति सिंह, मुख्य अभियंता एसके अंबेडकर, सहायक अभियंता सुशील सक्सेना आदि मौजूद रहे।
शहर को स्मार्ट बनाने के लिए तेजी से काम किए जा रहे हैं। शहरवासियों को जल्द ही स्मार्ट सिटी में सहूलियत मिलना शुरू हो जाएगी। 16.58 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है।
- उमेश गौतम, मेयर
चार प्रोजेक्टों को बैठक में मंजूरी मिली है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया होने के बाद काम शुरू किए जाएंगे। कंसलटेंट कंपनी ने सारी रूपरेखा तैयार कर ली है।
- राजेश श्रीवास्तव, नगर आयुक्त