बरेली। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निर्देश पर भाजपा का 10 दिन का बूथ स्तरीय विशेष अभियान शुरू होने जा रहा है। ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार’ नाम से इस अभियान में बरेली, आगरा और अलीगढ़ मंडल के 30 हजार से ज्यादा बूथों पर भाजपा पदाधिकारी अपने घर के अलावा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों के घर जाकर पार्टी के स्टीकर, झंडा, बैनर और पोस्टर लगाएंगे।
अभियान के बृज क्षेत्र संयोजक हर्षवर्धन आर्य ने बताया कि 12 से 22 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में भाजपा पदाधिकारी सबसे पहले अपने घरों पर स्टीकर और झंडे लगाएंगे। उसके बाद बूथ कार्यकर्ताओं के घर जाकर पार्टी के झंडे और स्टीकर लगाए जाएंगे। फिर प्रत्येक बूथ सीमा में रहने वाले सामाजिक रूप से प्रभावशील व्यक्ति के घर भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सबसे अंत में केंद्र सरकार की उज्ज्वला, घर-घर कनेक्शन, ऋण माफी, किसान सम्मान योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास समेत तमाम योजनाओं में लाभान्वित लाभार्थियों के घर झंडा लगाकर पार्टी की रीति नीति के बारे में समझाया जाएगा।