बरेली। लालफाटक ओवरब्रिज की सर्विस लेन न बनने से नौ लोगों की जान चली जाने के मामले में फंसे सेतु निगम के पूर्व सीपीएम आरके सिंह अपने बचाव में जुटे हुए हैं। शासन से आई जांच में जिला प्रशासन ने आरके सिंह से इस मामले में जवाब मांगा था। उन्होंने इन घटनाओं पर यह सफाई देने की कोशिश की है कि ये हादसे सेतु निगम के अधिकारियों की लापरवाही से नहीं हुए, बल्कि इसके लिए वे लोग खुद जिम्मेदार थे जो मारे गए। इस मामले में सेतु निगम के एमडी उत्तम कुमार गहलौत भी अपने स्तर से जांच करा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने आरके सिंह से सीपीएम का चार्ज छीन लिया था।
सेतु निगम के अधिकारियों ने लाल फाटक पर सर्विस लेन बनाए बगैर ओवरब्रिज का निर्माण शुरू करा दिया। सड़क खराब होने से आए आए दिन हादसे होते रहे। अलग-अलग हादसों में एक के बाद एक नौ लोग मारे गए। मेयर उमेश गौतम ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को भेजी थी। शासन के आदेश पर इस मामले की जांच एडीएम सिटी ओपी वर्मा कर रहे हैं। सीपीएम रहे आरके सिंह ने एडीएम सिटी को भेजे जवाब में दावा किया है कि निर्माणाधीन पुल के पास उनके कार्यकाल के दौरान किसी भी मशीन या सामग्री से कोई दुर्घटना घटित नहीं हुई न किसी व्यक्ति की मौत कार्य स्थल पर ही हुई है। आरके सिंह की तरफ से इस संबंध में लिखित जवाब भी एडीएम सिटी को भेजा जा चुका है।
पब्लिक देगी जवाब : मौतों का सरकारीकरण इसे कहते हैं, लाल फाटक रोड की मौतों को कार्यस्थल से अलग साबित करने की कोशिश
खुद के बचाव में जुटे सेतु निगम के अफसर लालफाटक पर मौत की घटनाओं के लिए अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए जिम्मेदार सेतु निगम के अधिकारी इन मौतों के कार्यस्थल पर न होने की बात बार-बार दोहरा रहे हैं। जबकि इस हादसों में अपने परिजनों को खाने वाली पब्लिक अब तक खुद ही इसका हिसाब लेनी की तैयारी कर रही है।
चहेते को बचा गए गर्ग को फंसा गए
मेयर की शिकायत पर शासन से शुरू कराई गई जांच में मुख्य परियोजना प्रबंधक आरके सिंह ने अपने चहेते उप परियोजना प्रबंधक नवाब सिंह को जाते-जाते बचाने की कोशिश की। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को भेजे गए लिखित बयान में यह कहा है कि लालफाटक पर सर्विस लेन न बनने और रोड पर लगे खंभे और ट्रांसफार्मर को न हटाए जाने के लिए पूर्व डीपीएम सूरज कुमार गर्ग जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह काम कराए बगैर पुल का निर्माण शुरू करा दिया था।
शासन के आदेश पर लालफाटक ओवरब्रिज मामले की जांच कर रहा हूं। इसमें सीपीएम रहे आरके सिंह से जवाब मांगा था जो उन्होंने दाखिल कर दिया है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर इसकी रिपोर्ट शासन को भेजनी की तैयारी है। - ओपी वर्मा, एडीएम सिटी