खुटार (शाहजहांपुर)। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि हर गरीब के बच्चे को उच्च शिक्षा मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के समय जो वायदे किए थे, सरकार उन वायदों पर खरी नहीं उतर रही है।
बुधवार को नगर के नखासा बाजार मैदान में सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी की ओर से आयोजित जनसभा में बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष बात रखी है कि प्रदेश के किसी एक जिले में बीटीसी और बीएड तक की शिक्षा ग्रहण किए बेरोजगार युवाओं को एग्रीमेंट कर शिक्षक रखा जाना चाहिए। पांच वर्ष तब अच्छा काम करने पर उनको नियमित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता वोट देकर नेता को जिताती है और नेता का बेटा अच्छे स्कूलों में पढ़ कर शिक्षा ग्रहण करता है, जबकि गरीब का बच्चा प्राइमरी स्कूल में पढ़ रहा है। सभी जातियों के गरीब बच्चों को एक समान शिक्षा का हक हो। इस मौके पर धर्म सिंह अर्कवंशी, राधिका पटेल, सुनील अर्कबंशी, पूजा, राजेश कुमार प्रजापति, सीपी अरोरा, शैलेंद्र सिंह चौहान, आकाश पुष्कर सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।