साध्वी कोयल गिरि उर्फ सीमा वर्मा के परिजन मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में पुलिस प्रशासन के खिलाफ याचिका दायर कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे।साध्वी की चार दिसंबर को मौत हो जाने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी व्यापारी बंधुओं के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन पुलिस के सामने स्थिति यह है कि वह नामजद व्यापारियों को न तो क्लीन चिट दे पा रही है और न ही गिरफ्तार कर रही है।
यही वजह है कि साध्वी के परिजन पुलिस पर इस प्रकरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट की शरण में जाएंगे। साध्वी के भाई नरेश ने बताया कि वह मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में पुलिस प्रशासन के खिलाफ याचिका दायर कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे।
दौलत गिरि की तलाश में पुलिस के रडार पर अब देहरादून
साध्वी प्रकरण में आरोपी दौलत गिरि की तलाश में हरियाणा और प्रयागराज में खाक छानने के बाद पुलिस के रडार पर अब देहरादून है। पुलिस को उम्मीद है कि वह देहरादून में हो सकता है इसलिए पुलिस अब देहरादून गई है। तिलहर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी साध्वी कोयल गिरि 23 नवंबर को गंभीर हालत में झुलस गई थीं।
मां रामलली ने आरोप लगाया है कि कस्बा के ही व्यापारी पंकज गुप्ता, सुशील बाबू गुप्ता, अनिल गुप्ता और अनुराग गुप्ता ने जमीन के विवाद में साध्वी को जला दिया है। वहीं इस मामले में दौलत गिरि को भी नामजद कराया गया है। दौलत गिरि पर आरोप है कि वह साध्वी को मोबाइल पर कॉल करके आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बदनाम करने की धमकी देता था।
सर्विलांस टीम भी खाली हाथ
साध्वी के परिजनों ने सर्विलांस टीम को जो नंबर दिए हैं, उनमें अधिकांश नंबर पुराने हैं और जो नए नंबर दिए हैं, वह भी बंद जा रहे हैं। इस वजह से अब सर्विलांस टीम के सामने भी दौलत गिरि को ट्रेस करने की चुनौती बनी हुई है। सर्विलांस टीम प्रभारी क्रांतिवीर सिंह के मुताबिक अभी सीडीआर नहीं आई है, जो नंबर दिए गए हैं, उनमें से अधिकांश पुराने हैं और बंद हैं। उन नंबरों से हाल-फिलहाल कोई बात नहीं हुई है। फिर उन्हें भी खंगालने की कोशिश की जा रही है।
'जब तक घटना से संबंधित सारे तथ्य नहीं मिल जाते, तब तक इस मामले में अभी कुछ भी कहना मुश्किल है, फिलहाल जांच जारी है।'
- सुभाष चंद्र शाक्य, एएसपी ग्रामीण