बरेली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे बृहस्पतिवार को सेंथल और नवाबगंज के स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। यूं तो कार्यक्रम विभागीय समीक्षा का भी है लेकिन यह तय नहीं है कि वह यह समीक्षा कब और कहां करेंगे। बहरहाल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जरूर बुधवार को संभावित बैठक की तैयारियों में जुटे रहे।
राज्यमंत्री दोपहर तीन बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे और यहां 30 मिनट ठहरने के बाद सेंथल और नवाबगंज के स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्रों का उद्घाटन करने रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि राज्यमंत्री इसके बाद डीएम, सीएमओ और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और जनआरोग्य योजना आयुष्मान भारत की भी समीक्षा करेंगे, लेकिन एसीएमओ डॉ. आलोक चंद्रा के मुताबिक यह तय नहीं है कि समीक्षा सर्किट हाउस में होगी या सेंथल में। इसके बाद वह पीलीभीत हाईवे पर एक मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम में शिरकत कर रात आठ बजे ट्रेन से वाराणसी रवाना हो जाएंगे। राज्यमंत्री चौबे के दौरे से पहले स्वास्थ्य विभाग में बैठकों का दौर चलता रहा। जिला अस्पताल में उनके दौरे की संभावना मानते हुए भी तैयारियां की गई।