शगुन किट से परिवार नियोजन की सरकारी तैयारी
- परिवार नियोजन अपनाने के लिए नवविवाहित जोड़ों को मिलेगा एक अनोखा ‘शगुन’
बरेली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से आशा कार्यकर्ता नवविवाहित जोड़ों को एक अनोखा शगुन दे रही हैं। परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए वह घर-घर जाकर नवदंपति को किट दे रही हैं। जिसमें कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियों समेत अन्य आवश्यक चीजें हैं।
सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला ने बताया कि शगुन किट में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एक पत्र है। जिसमें परिवार नियोजन अपनाने से होने वाले फायदों की जानकारी दी गई है। जिसका उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए जागरूक करने समेत 2 बच्चों तक ही परिवार को सीमित रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। बताया कि जिले में 2062 किट ब्लॉक स्तर पर दी जा चुकी हैं। जिनका वितरण आशा कर रही हैं। किट में स्वास्थ्य और सफाई के लिए जरूरी सामान भी होंगे। कुछ दंपति पढ़े लिखे नहीं होते हैं। ऐसे में उन्हें जागरूक करने की जिम्मेदारी आशाओं को सौंपी है। जो किट सौंपते समय पूरी जानकारी देंगी। उनके सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान भी करेंगी।
क्या है किट में
योजना से संबंधित पम्पलेट या पत्र
तीन पीस वाले कंडोम ‘निरोध के दो पैकेट’
खाने वाली गर्भनिरोधक गोली ‘माला एन दो पैकेट’
आपातकालीन गर्भ निरोधक गोली ‘ई पिल्स दो पैकेट’
स्वछता बैग, जिसमें तौलिया 1 सेट, कंघी, बिंदी, नेल कटर, दो सेट रुमाल और छोटा शीशा
गर्भवती जांच किट 2 यूनिट समेत योजनाओं से संबंधित जानकारी कार्ड