बरेली। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को जोन-एक और चार में अभियान चलाकर गृहकर के दस बकायेदारों की संपत्तियों को सील कर दिया। टीम ने मौके पर 10.98 लाख रुपये बकाया कर भी जमा कराया।
जोन-एक में सीबीगंज के खलीलपुर में स्थित विमको माचिस फैक्टरी, प्रेमनगर में परमेश्वरी दयाल, होती लाल गुप्ता, बानखाना में महमूद वख्श, कोहाड़ापीर में रोशन लाल, जगदीश लाल और जालिम की संपत्तियों को सील किया गया। जोन चार में गणेश, नानक और नीलोफर की संपत्तियों को सील किया गया। इनसे 60 रुपये की वसूली भी की गई। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि संपत्ति कर बकाया वसूली की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बकायेदारों को नोटिस भेजकर टैक्स जमा करने के लिए कहा जा रहा है। जो लोग नोटिस मिलने के बाद भी टैक्स नहीं जमा कर रहे हैं, उनके खिलाफ नगर निगम के टैक्स विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है। संवाद