एसवीसी क्लब टांडा के सिर सजा सुपर लीग का ताज
धौराटांडा में हुई वॉलीबाल प्रतियोगिता में जुटीं उत्कृष्ट टीमें
बेस्ट प्लेयर का अवार्ड नईम अहमद को मिला
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
धौराटांडा में चल रही वॉलीबाल प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। इसमें मंडल की उत्कृष्ट टीमों ने हिस्सा लिया। 13 मई को बारिश होने के कारण 14 को देर रात तक प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया। इसमें एसवीसी क्लब टांडा की टीम विजयी रही।
पहला क्वार्टर फाइनल स्पोर्ट्स स्टेडियम बरेली और रेड रोज क्लब कांठ के बीच हुआ। इसमें रेड रोज क्लब ने 2-0 से जीत दर्ज की। दूसरा क्वार्टर फाइनल बरेली वॉरियर्स और एमबीसी मुंडिया के मध्य हुआ, इसमें बरेली वॉरियर्स ने कड़े मुकाबले में 2-1 से मैच अपने नाम कर लिया। तीसरा क्वार्टर फाइनल एसवीसी टांडा और बरेली के मध्य हुआ। एसवीसी टांडा ने नजदीकी मुकाबले में 2-0 से जीत हासिल की। आखिरी क्वार्टर फाइनल में आरवीसी रिछा ने धौराटांडा को 2-0 से हराकर अपनी जगह सेमीफाइनल में बना ली।
पहले सेमीफाइनल में एसवीसी टांडा ने बरेली वॉरियर्स को 2-0 से हराकर अपनी जगह फाइनल में बना ली। दूसरे सेमीफाइनल मैच में आरवीसी रिछा ने रेड रोज क्लब कांठ को 2-0 से हराकर अपनी जगह फाइनल में बना ली। फाइनल मैच आरवीसी रिछा और एसवीसी टांडा के मध्य खेला गया। एसवीसी टांडा ने आरवीसी रिछा को बहुत ही निकट मैच में 2-1 से शिकस्त दी। एसवीसी से नईम अहमद, फहीम अहमद, प्रताप और आरवीसी रिछा से गुड्डू मामू, अदीब और इस्तेकार ने बढ़िया प्रदर्शन किया। फाइनल बेस्ट प्लेयर का अवार्ड एसवीसी के प्रताप सिंह को दिया गया। टूर्नामेंट के बेस्ट प्लेयर का अवार्ड नईम अहमद को दिया गया। बेस्ट अटैकर का अवार्ड फहीम अहमद, बेस्ट ब्लॉकर इस्तेखार अहमद और बेस्ट ऑल राउंडर का अवार्ड अदीब अहमद को मिला। प्रतियोगिता के रफरी अजय वर्मा और गौरव शर्मा रहे। फाइनल के मुख्य अतिथि सपा के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, जगदीश सिंह पाटनी, भूतपूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी देशपाल सिंह राणा, भूतपूर्व भारतीय रेल टीम के खिलाड़ी इम्तियाज अहमद आदि रहे।