बरेली। शिकायत के महीने भर बाद भी पानी की समस्या दूर न होने पर नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने जेई से जवाब तलब किया है। वहीं, जोगीनवादा में वनखंडीनाथ मंदिर के पास दो दिन से पानी न आने से लोग परेशान हैं।
शुक्रवार दोपहर नगर आयुक्त से मिलने पहुंचे मारवाड़ीगंज निवासी हरीबाबू अग्रवाल ने दो बोतल में गंदा पानी दिखाते हुए कहा कि सप्ताह भर से गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने पांच अप्रैल को मेयर से इसकी शिकायत की लेकिन जलकल विभाग ने अब तक समाधान नहीं किया। इस पर नगर आयुक्त ने जलकल के एई तारकेश्वर चतुर्वेदी को बुलाकर संबंधित जेई से स्पष्टीकरण लेने और मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। इसके बाद शाम को जेई पीसी आर्य ने मौके पर जाकर जांच की तो उन्होंने बताया कि अब पानी में गंदगी नहीं आ रही है। वहीं दूसरी ओर जोगीनवादा में वनखंडीनाथ मंदिर के पास रहने वाले एके गुप्ता ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच दो दिन से पानी नहीं आया है। इसके चलते लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।