बरेली। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षकों के खिलाफ मिल रहीं शिकायतों की मॉनीटरिंग के लिए अब सीसीटीवी की निगरानी में कक्षाओं का संचालन होगा। बुधवार को ये आदेश डीआईओएस ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य को जारी कर सीसीटीवी को दुरु स्त कराने का आदेश जारी कर दिया है।
बता दें कि ये कैमरे यूपी बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षा गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए थे, जिन्हें डिस्कनेक्ट करने का आदेश पिछले दिनों जारी किया गया था। बताया जाता है कि शासन के निर्देशानुसार अब विद्यालयों में हो रही पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए सीसीटीवी को फिर से सक्रिय करने का आदेश दिया गया है। आदेश मिलने के साथ ही डीआईओएस डॉ. अचल कुमार मिश्र ने कैमरों को कनेक्ट कर उन्हें चेक करने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी लगने से पढ़ाई के स्तर में सुधार होगा साथ ही इस तरीके से मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर का यह बेहतर उपयोग किया जाएगा।